Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम)/रीप के अंतर्गत मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा 36 स्थानों पर राखी बिक्री स्टॉल लगाए गए हैं। जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) संजय सक्सेना ने बताया कि यह स्टॉल 21 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक स्टॉल पर प्रतिदिन औसतन करीब 4 हजार रुपये की राखियों की बिक्री हो रही है। अब तक महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित राखियों की बिक्री से कुल 7 लाख 15 हजार रुपये की आय अर्जित की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह पहल महिला सशक्तिकरण और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। जिला एवं विकासखंड स्तर की एनआरएलएम टीम द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण विपणन एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनकी आजीविका को मजबूत करने में भी सहायता मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *