Spread the love

सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत भेत-सेम में जनता दरबार आयोजित 13 शिकायतों में से 4 का मौके पर हुआ निराकरण

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशों के अनुपालन में विकासखण्ड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत भेत-सेम में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला आबकारी अधिकारी रमेश चंद्र तथा सहायक निबन्धक सहकारिता रणजीत सिंह राणा ने की।जनता दरबार के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया गया।ग्रामीणों के मुख्य समस्याओं एवं मांगों में अतिवृष्टि से प्रभावित आवासीय भवनों में दरारें आने तथा क्षतिग्रस्त पुश्तों की शीघ्र मरम्मत का कार्य करने की मांग रखी गई। ग्रामीणों द्वारा ग्राम सभा में स्वच्छता हेतु कूड़ादान की व्यवस्था तथा उरेडा द्वारा सोलर लाइट लगाने की मांग की गई,इसके अतिरिक्त राजकीय इंटर कॉलेज नारायणकोटी के खेल मैदान में पानी भराव की समस्या के निवारण,गांव के सीसी मार्गों का निर्माण एवं क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत,लक्ष्मी नारायण मंदिर एवं अन्य मंदिरों का सौंदर्यीकरण करने,विद्युत बिल समय पर उपलब्ध कराने के साथ ही गांव से 2 किमी.नीचे नदी होने के कारण भू कटाव एवं भूस्खलन होने से गांव को खतरा होने के कारण ग्रामीणों ने सुरक्षा उपायों जैसे चेक डैम निर्माण आदि की मांग रखी उन्होंने गांव के श्मशान घाट तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत एवं वहां टाइल्स लगाने की मांग भी संबंधित अधिकारियों के सम्मुख रखी।इस दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर की कुल 13 शिकायतें अधिकारियों के सम्मुख रखी गईं जिसमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का शीघ्र निराकरण किया जाएगा और संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जाएगा।ग्रामीणों ने जनता दरबार कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार एवं प्रशासन द्वारा उनकी समस्याओं को नजदीक से सुनना और समाधान के लिए तत्परता दिखाना सकारात्मक पहल है।इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी रमेश चंद्र,सहायक निबन्धक सहकारिता रणजीत सिंह राणा,शिकायत समाधान प्रकोष्ठ विनोद भास्कर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp