Spread the love

चमोली के थराली में बादल फटने से भारी तबाही राहत और बचाव कार्य जारी

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।जिला चमोली के थराली तहसील क्षेत्र में टूनरी गदेरा में बादल फटने से भारी तबाही मच गई। देर रात हुई इस घटना से थराली तहसील परिसर,बाजार और कई घरों में मलबा घुस आया।तहसील परिसर में खड़ी कई गाड़ियां मलबे में दब गईं।प्रभावित क्षेत्रों में हालात गंभीर बने हुए हैं और प्रशासन राहत व बचाव कार्यों में जुटा है।
नुकसान का विवरण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,थराली बाजार व कोटदीप क्षेत्र सहित तहसील परिसर में भारी मात्रा में मलबा घुस गया है। इससे कई घर प्रभावित हुए हैं।तहसील परिसर में खड़ी कुछ गाड़ियां मलबे में दब गईं।सागवाड़ा गांव में एक लड़की के घर के भीतर मलबे में दबने की सूचना है। इसके अलावा चेपड़ों बाजार में कुछ दुकानें मलबे के कारण क्षतिग्रस्त हो गई हैं और यहां एक व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना मिली है। भारी मलबे और वर्षा से थराली–ग्वालदम मार्ग मिंग्गदेरा के पास तथा थराली–सागवाड़ा मार्ग भी बाधित हो गए हैं। हालात सामान्य करने के लिए Dewal क्षेत्र से जेसीबी मशीन चैपड़ौ की तरफ भेजी गई है, ताकि मार्गों को खोलने का कार्य किया जा सके।
राहत व बचाव कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम गौचर से रवाना कर दी गई। एनडीआरएफ और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य जारी है।अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि आपदा से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की जा रही है और सभी विभाग समन्वय के साथ लगातार काम कर रहे हैं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी स्वयं थराली पहुंचे और आपदा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से हालात की जानकारी ली और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि राहत व बचाव कार्य को तेज किया गया है और प्रत्येक प्रभावित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने आपदा राहत के लिए विशेष व्यवस्था की है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में वर्तमान में 4 चिकित्सा अधिकारी,6 स्टाफ नर्स, 1 फार्मासिस्ट और 1 एम्बुलेंस ड्राइवर जीवन रक्षक औषधियों सहित तैनात हैं।इसके अलावा 108 सेवा की 2 अतिरिक्त एम्बुलेंस और 2 विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग से भेजी गई है। एक चिकित्साधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल से भी तैनात किया गया है,ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकें।
शिक्षा विभाग की स्थिति
भारी वर्षा और आपदा के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन थराली,देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में 23 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिया है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिना आवश्यक कारण के जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp