Spread the love

राष्ट्रीय खेल दिवस महोत्सव का शुभारंभ नशामुक्त भारत मैराथन से

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।भारत सरकार के युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय के दिशानिर्देशों तथा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में 27 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय खेल दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाया गया।इस अवसर पर प्रातः 7 बजे विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा समाज कल्याण,पौड़ी के सहयोग से नशामुक्त भारत मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्रीनगर आरती भंडारी तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी,पौड़ी रहे। महापौर ने अपने संबोधन में युवाओं और समाज से नशे से बचने तथा खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता परिणाम अंतरविद्यालय छात्र वर्ग में प्रथम स्थान आदर्श पटवाल (रेनबो स्कूल श्रीनगर),द्वितीय स्थान सौरभ भंडारी (एसजीआरआर श्रीनगर) और तृतीय स्थान भार्गव (एसटीएस श्रीनगर) ने प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में मोनिका गिरी (एसवीएमआई) ने प्रथम,अक्षिता (बीएमएस) ने द्वितीय तथा रश्मि चंदोला (एसजीआरआर) ने तृतीय स्थान हासिल किया। ओपन वर्ग महिला प्रतियोगिता में चाँदनी राजपूत (बिरला परिसर) प्रथम,ज्योति द्वितीय और काजल बिष्ट (बिरला परिसर) तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में कुलदीप प्रथम,चंदन द्वितीय और चाहत (बिरला परिसर) तृतीय स्थान पर रहे।बैडमिंटन प्रतियोगिता
राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत विश्वविद्यालय के खेल बोर्ड की देखरेख में खेल निदेशक प्रो.जगत प्रकाश मेहता के निर्देशन में इंडोर हाल,बिरला परिसर में अंतरविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता भी आयोजित हुई।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डीन रिक्रूटमेंट एंड प्रमोशन प्रो.मोहन सिंह पंवार उपस्थित रहे। उन्होंने सर्वप्रथम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों के महत्व,मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्त भारत के प्रति जागरूक करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी मोहित सिंह बिष्ट और छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा ने उपस्थित सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की शपथ दिलाई। प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की 18 तथा बालक वर्ग के 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।वहीं ओपन वर्ग में 55 व 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 16 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अगले चरण के रूप में अंतर संस्थान प्रतियोगिता का आयोजन 28 अगस्त को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp