Spread the love

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: लेखक गांव में पद्म भूषण राम बहादुर राय को मिला सृजन सम्मान

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।नालंदा पुस्तकालय परिसर,लेखक गांव में हिंदी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष,वरिष्ठ पत्रकार एवं विचारक पद्म भूषण राम बहादुर राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।राम बहादुर राय ने अपने पत्रकारिता जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने उनके जीवन को कई आयाम दिए। आज हिंदी भाषा का विस्तार विश्व के अनेक देशों में हो रहा है,लेकिन मीडिया में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और व्यावसायिकता चिंताजनक है।उन्होंने सरकार से “मीडिया काउंसिल” के गठन पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता जताई। साथ ही उन्होंने लेखक गांव की स्थापना की सराहना करते हुए कहा कि यह स्वाधीन भारत का अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक केंद्र बनेगा।लेखक गांव के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता राष्ट्र की चेतना के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहरों और राष्ट्रीय आंदोलनों की संवाहक रही है। एच.एन.बी. गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्री प्रकाश सिंह ने शोध छात्रों का आह्वान किया कि उनके लेख आंकड़ों से युक्त,विश्वसनीय और सटीक होने चाहिए।मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार जय सिंह रावत ने कहा कि मानव सभ्यता की यात्रा पाषाण युग से लेकर मंगल ग्रह तक में मीडिया की अहम भूमिका रही है। राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि राष्ट्र की कल्पना हिंदी पत्रकारिता के बिना अधूरी है।कार्यक्रम में डॉ.डी.आर.पुरोहित,डॉ.वेद प्रकाश,डॉ.सविता मोहन सहित अनेक विद्वानों ने विचार रखे। लेखक गांव की निदेशक विदुषी निशंक ने स्वागत भाषण दिया और गांव के विजन व मिशन को विस्तार से बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.सुशील उपाध्याय ने किया।इस अवसर पर पद्मश्री प्रीतम भरतवाण,पद्मश्री डॉ.माधुरी बर्थवाल,पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा,अविकल थपलियाल,राकेश डोभाल,अरुण शर्मा,स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के कुलपति.एस.रज्वार,प्रो.वीसी आर.के.सुंदिरयाल सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार, विद्वतजन एवं शोध छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp