श्रीनगर नगर निगम ने शुरू किया गौ-ग्रास वाहन मेयर आरती भंडारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।श्रीनगर नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय परिसर से ‘गौ-ग्रास वाहन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।नगर निगम की इस अभिनव पहल का उद्देश्य शहर में निराश्रित गौमाताओं को नियमित भोजन उपलब्ध कराना है।यह विशेष वाहन प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार शहर के वार्डों,मोहल्लों और बाजारों से होकर गुजरेगा। नागरिक इसमें घर का बचा हुआ भोजन,आटे की लोई,सब्जियों के छिलके या हरा चारा डाल सकेंगे। एकत्र सामग्री को नगर निगम की गौशाला में ले जाकर गौवंशों को खिलाया जाएगा। वाहन में साफ-सुथरे कंटेनर लगाए गए हैं ताकि कोई दुर्गंध या गंदगी न फैले।मेयर आरती भंडारी ने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। नगर निगम की यह पहल न केवल भूखी गायों का पेट भरेगी,बल्कि शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने में भी मददगार होगी।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सभी लोग प्रतिदिन थोड़ा-सा भोजन अलग रखकर इस पुण्य कार्य में योगदान दें।वाहन की पहली यात्रा में ही नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी दिखाई। कई लोगों ने कहा कि वे अब रोजाना भोजन अलग से तैयार रखेंगे और परिवार के छोटे-बड़े सभी सदस्य इस सेवा में शामिल होंगे।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि वाहन में प्लास्टिक,पैकेज्ड फूड और खराब खाना डालना वर्जित है। केवल स्वच्छ व ताजा भोजन,चारा और सब्जियों के छिलके ही स्वीकार किए जाएंगे।सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण श्रीनगर नगर में यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणा मानी जा रही है। नगर निगम का मानना है कि जहां बेजुबानों की सेवा होती है,वहीं ईश्वर का वास होता है।इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार सहित निगम पार्षद दिनेश पटवाल,देवेंद्र मणि मिश्रा,रमेश रमोला,विजय चमोली और उज्जवल अग्रवाल भी मौजूद रहे।
