Spread the love

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर मेडिकल कॉलेज में सामूहिक गायन एवं प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण देखा गया

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।भारत सरकार के निर्देशानुसार देशभर में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में शुक्रवार को सामूहिक राष्ट्रगीत गायन का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई,जिसमें कॉलेज के संकाय सदस्यों,चिकित्सकों,कर्मचारियों तथा एमबीबीएस के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे परिसर में वंदे मातरम की गूंज से राष्ट्रभक्ति का अद्भुत वातावरण बन गया।इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वंदे मातरम के 150 वर्ष पर आधारित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण (लाइव टेलीकास्ट) भी देखा। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व,इसकी प्रेरक भूमिका और स्वतंत्रता आंदोलन में इसके योगदान का स्मरण कराया।संकाय सदस्यों ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक गीत नहीं,बल्कि भारत माता के प्रति समर्पण,सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अवसर देश के युवाओं के लिए प्रेरणा लेने का है कि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में सभी विभागों के शिक्षकों और छात्रों ने राष्ट्रगौरव के इस क्षण को बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ मनाया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp