Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।पौड़ी जिले की नयार घाटी आगामी फरवरी माह में साहसिक खेल गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनने जा रही है।सतपुली क्षेत्र के बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पैराग्लाइडिंग,क्याकिंग,साइक्लिंग और एंग्लिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों से पूरी नयार घाटी साहसिक खेलों और उत्साह से गूंज उठेगी। इस महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन,पर्यटन विभाग एवं मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।हाल ही में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में पर्यटन विभाग द्वारा बिलखेत में पैराग्लाइडिंग का सफल ट्रायल किया गया था। ट्रायल की सफलता के बाद अब तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के अंतर्गत लैंसडाउन,खिर्सू और बिलखेत में साइक्लिंग रैली का आयोजन किया जाएगा। वहीं ढ़ाढूखाल से बिलखेत तक पैराग्लाइडिंग करायी जाएगी, जो प्रतिभागियों के लिए रोमांच के साथ-साथ नयार घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत अनुभव भी प्रदान करेगी। इसके अलावा नयार नदी में क्याकिंग एवं एंग्लिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी,जिससे जल आधारित साहसिक खेलों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। फेस्टिवल के दौरान बिलखेत में स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।गढ़वाली लोकगीत,नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियां पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि इस तरह के साहसिक खेल महोत्सव से न केवल नयार घाटी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी,बल्कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों और खिलाड़ियों के कारण स्थानीय होटल व्यवसाय,होमस्टे,परिवहन और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों से पैराग्लाइडर,क्याकर्स,एंग्लर्स और साइक्लर्स भाग लेंगे। साहसिक खेलों में प्रतिभाग करने के इच्छुक लोगों के लिए पंजीकरण की व्यवस्था भी की जाएगी,ताकि आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *