Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशानुसार कर्णप्रयाग क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान दो वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाए गए। पुलिस द्वारा दोनों चालकों को मौके पर ही हिरासत में लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई और उनके वाहनों को सीज कर दिया गया। गिरफ्तार किए गए चालकों में अनूप बिष्ट निवासी ग्राम सिवाई तथा असीम खान निवासी सुभाष नगर कर्णप्रयाग शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शराब के नशे में पाए गए पांच व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी को भविष्य में अनुशासित और कानून के अनुरूप आचरण बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में दीपम सिंह रावत,राहुल देवराड़ी,उपेंद्र रावत, सतेन्द्र रावत और अमन खान शामिल हैं। इसी दौरान कुटुंब न्यायालय गोपेश्वर द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील करते हुए वारंटी अभियुक्त विनोद कुमार निवासी ग्राम बमोथ को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार किया। अभियुक्त को आगे की प्रक्रिया के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। कर्णप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाना,सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित आचरण और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp