Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।गौसेवा संवर्धन समिति श्रीनगर गढ़वाल द्वारा गौसेवा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। समिति के प्रयासों से गौसेवा के लिए विशेष सेवा वाहन क्षेत्र में पहुंच गया है,जिससे घायल गोवंशों की सहायता और उनके लिए चारा व अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में अब सुविधा मिलेगी। समिति का कहना है कि यह सेवा वाहन गौमाता की सेवा और संरक्षण के उद्देश्य को और अधिक प्रभावी बनाएगा। लंबे समय से समिति द्वारा सीमित संसाधनों में गौसेवा का कार्य किया जा रहा था। अब इस वाहन के माध्यम से बाजारों से बची हुई फल,सब्जी,घास तथा अन्य उपयोगी सामग्री लाने के साथ-साथ घायल और असहाय गोवंशों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सकेगी। समिति के मीडिया प्रभारी और स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने बताया कि अब तक समिति के अध्यक्ष अनुज जोशी यह सेवा कार्य अपनी मोटरसाइकिल के माध्यम से कर रहे थे,जिससे कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सेवा वाहन के जुड़ने से कार्य में तेजी आएगी और गौसेवा को अधिक व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि गौसेवा के मार्ग में अनेक चुनौतियां आती हैं,लेकिन गौभक्तों की एकजुटता,सहयोग और निरंतर प्रयासों से इन चुनौतियों को पार किया जा रहा है। यह वाहन सभी गौभक्तों के सहयोग का प्रत्यक्ष परिणाम है। गौसेवा संवर्धन समिति ने शहर के सभी गौभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके योगदान और सहयोग से ही यह पहल सफल हो सकी है। समिति ने भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा जताई है ताकि गौसेवा के कार्य को और अधिक विस्तार दिया जा सके।इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अनुज जोशी,उपाध्यक्ष आनंद सिंह भंडारी,कोषाध्यक्ष सूर्य प्रकाश नौटियाल,विधि सलाहकार पंकज बहुगुणा,मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल सहित समिति से जुड़े अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp