प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार के आदेशानुसार 21 दिसंबर 2025 को यातायात पुलिस हरिद्वार द्वारा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और दि नेशनल हेल्पिंग हैंड के संयुक्त सहयोग से ग्राम सलेमपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी ने किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों को यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है,इसलिए नियमों का पालन सभी के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर ट्रैफिक सिग्नल,ट्रैफिक साइन बोर्ड और ट्रैफिक लाइट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही ओवरस्पीडिंग,लापरवाह वाहन संचालन और कोहरे के मौसम में होने वाली दुर्घटनाओं के कारणों पर चर्चा करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई।कार्यक्रम में सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर की अवधारणा को समझाया गया और बताया गया कि दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है,जिसमें समय पर सहायता मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इसके साथ ही गुड समरिटन योजना के बारे में जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वालों के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों से लोगों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान जीवन रक्षक योजना की जानकारी भी दी गई। सर्दियों के मौसम में कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय रिफ्लेक्टर के प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया और आमजन से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
