Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के आदेशों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के दिशा निर्देशों के क्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 22 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन रोशनाबाद,हरिद्वार में महिला सुरक्षा हेल्पलाइन जनपद हरिद्वार द्वारा एक दिवसीय सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक और नोडल अधिकारी महिला सुरक्षा जितेन्द्र चौधरी तथा सहायक पुलिस अधीक्षक सदर और पुलिस लाइन निशा यादव की उपस्थिति रही।प्रशिक्षण के दौरान महिला पुलिसकर्मियों और सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षकों महिला कांस्टेबल शोभा,महिला कांस्टेबल सुष्मिता एवं महिला कांस्टेबल रितू द्वारा आत्मरक्षा की बुनियादी और आवश्यक तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया तथा तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाना तथा उन्हें स्वयं की सुरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना रहा। कार्यक्रम में पीएमएस स्कूल,द ऑक्सफोर्ड स्कूल,न्यू सेंट थॉमस स्कूल,नवोदय विद्यालय सहित सिडकुल क्षेत्र की मिल्टन और मास्कोर्ड कंपनियों में कार्यरत महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत प्रभारी महिला सुरक्षा हेल्पलाइन उप निरीक्षक अंजना चौहान और उप निरीक्षक ममता मखलोगा द्वारा आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। वहीं नशे की रोकथाम और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता के लिए साइबर सेल से उप निरीक्षक प्रकाश चन्द,हेड कांस्टेबल योगेश कैन्थोला,एएचटीयू टीम से कांस्टेबल मुकेश तथा एएनटीएफ टीम से महिला कांस्टेबल चांदनी द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान जनपद के सभी थानों की महिला हेल्पडेस्क प्रभारी एवं अन्य महिला पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp