Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत गुनेड़ी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों ने 25 शिकायतें दर्ज कीं,जिनमें से 21 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 243 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अधिकारी स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका समाधान कर रहे हैं,जिससे ग्रामीणों को मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इसी क्रम में न्याय पंचायत गुनेड़ी में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी लैंसडाउन शालिनी मौर्य ने की।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया,जबकि शेष समस्याओं को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने कहा कि जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विभाग जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। साथ ही विभागीय स्टॉलों के जरिये लोगों को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है,बल्कि पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी पहुंचाया जा रहा है।उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,ताकि आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।शिविर में कृषि,उद्यान,आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग,समाज कल्याण,जिला सहकारिता,पंचायतीराज, खाद्य पूर्ति,राजस्व विभाग सहित 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। जिनमें विभिन्न योजनाओं से 243 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रिखणीखाल रेनू रावत,अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई सुधीर ममगाईं,अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह,खंड विकास अधिकारी देवेश पंत,ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सुनील कोटनाला,ग्राम प्रधान गुनेड़ी सतेंद्र सिंह,ग्राम प्रधान तिमलसैंण नीलम देवी सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp