Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीबीएम टनल साइट पर 30 दिसंबर की रात्रि लगभग 08:40 बजे शिफ्ट परिवर्तन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टनल के अंदर एक ही ट्रैक पर मजदूरों को ले जा रही लोको ट्रेन की सामने से आ रही दूसरी लोको ट्रेन से आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना के समय दोनों लोको ट्रेनों में कुल 109 श्रमिक सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात सीआईएसएफ टीम और स्थानीय पुलिस बल ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए विवेकानंद चिकित्सालय पीपलकोटी और जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया। संयुक्त रूप से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में कुल 79 श्रमिक घायल हुए। इनमें से 61 घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में किया गया,जिनमें से 8 श्रमिक फ्रैक्चर और अन्य चिकित्सकीय कारणों से अभी भी भर्ती हैं। शेष 53 श्रमिकों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं विवेकानंद चिकित्सालय पीपलकोटी में भर्ती 18 घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त 21 श्रमिकों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वे घटना स्थल से ही अपने घर चले गए थे। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने रात्रि में ही जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के निर्देश दिए। हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।प्रशासन की ओर से बताया गया कि आज जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही टनल और परियोजना क्षेत्र का सेफ्टी ऑडिट कराते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp