Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।धर्मनगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में बीते एक माह 14 दिनों से निरंतर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नव वर्ष 2026 के अवसर पर इस अभियान को और व्यापक स्वरूप देते हुए महा स्वच्छता अभियान संचालित किया गया,जिसका सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और मॉडल जनपद बनाना तभी संभव है,जब इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने धार्मिक संस्थाओं,सामाजिक संगठनों,व्यापार मंडलों,जनप्रतिनिधियों,स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस महा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई के प्रति जिम्मेदारी लें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है और निरंतर प्रयासों से जनपद की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार दिखने लगा है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विभागों और संस्थाओं द्वारा भी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। बीएचईएल नगर प्रशासक संजय पवार ने बताया कि बीएचईएल क्षेत्रांतर्गत शिवालिक नगर के पास पीठ क्षेत्र में भेल टाउनशिप प्रशासन विभाग द्वारा निरंतर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। लोक निर्माण विभाग लक्सर द्वारा भी सफाई अभियान संचालित किया गया। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग लक्सर ने जानकारी दी कि पथरी मार्ग पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटान के साथ सफाई कराई गई तथा किनारे लगे पैराफिट पर रंग-रोगन किया गया। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न विकासखंडों में खंड विकास अधिकारियों के नेतृत्व में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।खंड विकास अधिकारी खानपुर ने बताया कि शाहपुर,प्रल्हादपुर और ग्राम धर्मपुर सहित कई क्षेत्रों में साफ-सफाई कराई गई। खंड विकास अधिकारी भगवानपुर ने ग्राम चोली मंडावर,मुकर्रमपुर काले वाला सहित अन्य क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाए जाने की जानकारी दी। खंड विकास अधिकारी नारसन ने ग्राम पंचायत खटका में सड़क किनारे पड़े गोबर और मिट्टी की सफाई के साथ-साथ थाथौला और रुड़की मार्ग पर सफाई कार्य कराए जाने की जानकारी दी।वहीं खंड विकास अधिकारी रुड़की ने ग्राम पंचायत सोहालपुर गढ़ा और नन्हेड़ा अनंतपुर क्षेत्र में नालियों की सफाई और अन्य स्वच्छता कार्य कराए जाने की जानकारी दी। जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि स्वच्छ,सुंदर और क्लीन हरिद्वार के निर्माण के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और जनसहयोग से जनपद को एक मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp