Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नव वर्ष के अवसर पर शुरू किया गया महा स्वच्छता अभियान लगातार प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में यह अभियान एक माह 24 दिन से निरंतर चलाया जा रहा है,जिसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। अभियान का असर अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों,धार्मिक संस्थाओं,व्यापार मंडलों,जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। लोगों से अपने घर,आंगन और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया है,ताकि हरिद्वार को स्वच्छ,सुंदर और मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जा सके। महा स्वच्छता अभियान के तहत शहरों के साथ-साथ गांव,कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों पर भी नियमित सफाई की जा रही है।विभिन्न विभागों और संस्थाओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गति दी जा रही है।बीएचईएल प्रशासन की ओर से भी निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर प्रशासक संजय पवार ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक सिडकुल के पास फैले लगभग 150 टन कूड़ा-कचरा हटाया गया,जो बीएचईएल और सिडकुल की भूमि पर जमा था।इस कचरे के कारण क्षेत्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। टाउनशिप प्रशासन विभाग द्वारा जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से कचरा उठान का कार्य किया गया,जिसमें नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर का भी सहयोग रहा। विकास खंड नारसन के खानमपुरम में महिला मंगल दल की महिलाओं द्वारा सफाई अभियान चलाया गया। वहीं,खंड विकास अधिकारी खानपुर के अनुसार खानपुर,शहाबपुर और दादुपुर क्षेत्रों में सफाई कराई गई। खंड विकास अधिकारी रुड़की ने बताया कि ग्राम पंचायत नन्हेड़ा अनंतपुर में भी साफ-सफाई का कार्य किया गया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि स्वच्छता का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए तथा सभी लोग स्वच्छता अभियान में सहभागी बनें,ताकि हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp