Spread the love

प्रदीप कुमार
बहादराबाद-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।थाना बहादराबाद क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाहरी प्रदेशों से आकर क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों,मजदूरों,फड़-ठेली और गुड़-चर्खी संचालकों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीमों ने कस्बा बहादराबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाते हुए बिना सत्यापन रह रहे करीब 200 लोगों का मौके पर ही सत्यापन किया। इस दौरान पाया गया कि कुछ मकान मालिकों ने बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखे हुए थे। जांच के बाद ऐसे सात मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। प्रत्येक से 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया,जिससे कुल 70 हजार रुपये की धनराशि वसूली गई। संबंधित मामलों की रिपोर्ट न्यायालय को भेजी जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किरायेदारों,कर्मचारियों और बाहरी व्यक्तियों का समय पर सत्यापन कराना सुनिश्चित करें,ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp