Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद पौड़ी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में बैंक,ज्वैलरी शॉप और प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार निरीक्षण कार्य कर रही हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों द्वारा बैंकों,ज्वैलरी शॉप और मुख्य दुकानों में सुरक्षा इंतजामों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की भौतिक जांच की जा रही है,जिसमें उनकी कार्यशील स्थिति,रिकॉर्डिंग सिस्टम,कैमरा कवरेज और बैकअप व्यवस्था को परखा जा रहा है,ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान जिन बैंकों और ज्वैलरी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे या अन्य सुरक्षा उपाय अपर्याप्त पाए गए,वहां संबंधित प्रबंधकों और स्वामियों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।साथ ही जिन प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं पाए गए,उन्हें शीघ्र कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए प्रेरित किया गया। जनपद पुलिस द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा,ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp