Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।भारत सरकार के गृहमंत्री के 21 जनवरी 2026 को लक्ष्मणझूला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत पौड़ी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़,समन्वित और त्रुटिरहित बनाए जाने की व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में 20 जनवरी 2026 को गीता भवन स्थित कार्यक्रम स्थल पर वीवीआईपी ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के तहत आयोजित इस ब्रीफिंग में गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक,अभिसूचना एवं सुरक्षा,अपराध शाखा,एसटीएफ,टिहरी और पौड़ी जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।ब्रीफिंग के दौरान रूट सुरक्षा,कार्यक्रम स्थल और हैलीपैड की सुरक्षा,खुफिया निगरानी,भीड़ प्रबंधन,यातायात नियंत्रण और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता,अनुशासन,संवेदनशीलता,त्वरित निर्णय क्षमता और विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित कर्तव्य क्षेत्रों में पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। आम नागरिकों की सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम स्थल,हैलीपैड और रूट ड्यूटी में तैनात प्रभारियों को हैंडहेल्ड सेट उपलब्ध कराने और समय रहते वीवीआईपी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए,ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पौड़ी पुलिस द्वारा किए जा रहे इन व्यापक सुरक्षा प्रबंधों से गृहमंत्री के लक्ष्मणझूला भ्रमण कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp