Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल जन–जन की सरकार,जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत ढ़ाबखाल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं को उनके द्वार पर ही सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। शिविर में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 87 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। साथ ही 13 लोगों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र प्राप्त किए गए।शिविर की अध्यक्षता वन क्षेत्राधिकारी रमेश चंद्र नेगी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन–जन की सरकार,जन–जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से शासन-प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कर रहा है,जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।नोडल अधिकारी/उपखंड अधिकारी नवीन मैंदोला ने बताया कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है,बल्कि पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समयबद्ध,पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है,जिससे आमजन का शासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। शिविर में कृषि,उद्यान,स्वास्थ्य,आयुष (आयुर्वेदिक एवं यूनानी),समाज कल्याण,पंचायतीराज,खाद्य पूर्ति,राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सुनील कोटनाला द्वारा किया गया। इस अवसर पर कनिष्ठ उप प्रमुख रिखणीखाल निशा रावत,खंड विकास अधिकारी देवेश पंत,सहायक खंड विकास अधिकारी पी.सी.असवाल,प्रधान खनेता रोशन नेगी,प्रधान घोटला निक्की सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp