Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।पाबो क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज चंपेश्वर में पुलिस द्वारा कानून की पाठशाला कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने,यातायात नियमों का पालन करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज को सुरक्षित बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को कानून से जुड़ी जीवनोपयोगी और व्यवहारिक जानकारियां प्रदान कीं। उन्हें दैनिक जीवन में कानून की उपयोगिता,सामाजिक जिम्मेदारियों की समझ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम द्वारा साइबर अपराधों जैसे साइबर क्राइम,ऑनलाइन धोखाधड़ी और ठगी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों से नशे से हमेशा दूर रहने की अपील की गई। कार्यक्रम में यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया गया।विशेष रूप से यह बताया गया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है,जो स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे कानून का पालन करें,जागरूक रहें और समाज को सुरक्षित एवं स्वस्थ बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp