Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।हरिद्वार जनपद में शीतलहर से प्रभावित गरीब और बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रुड़की क्षेत्र में बनाए गए रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का मंगलवार देर रात्रि निरीक्षण किया गया। इस दौरान आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनय रोहिला ने नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा जरूरतमंद लोगों और श्रद्धालुओं को शीतलहर से बचाव के लिए कंबल वितरित किए। औचक निरीक्षण के दौरान विनय रोहिला ने नए पुल क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को कंबल दिए और इसके बाद रुड़की रेलवे स्टेशन पहुंचकर ठंड से प्रभावित तथा बेसहारा लोगों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जल रहे अलावों की स्थिति का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि ठंड से बचाव के सभी इंतजाम सुचारु रूप से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है और आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो,इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इन निर्देशों के तहत नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं,जो लगातार निगरानी कर रहे हैं।एडवाइजरी के अनुसार प्रत्येक क्षेत्र में नोडल अधिकारियों को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति,बर्फबारी,दवाइयों की उपलब्धता,कंबल वितरण,रैन बसेरों में गर्म पानी और ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि शीतलहर के कारण किसी को कोई नुकसान न पहुंचे। विनय रोहिला ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह सतर्क हैं और अंतिम छोर पर रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समय-समय पर रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए। रुड़की नगर निगम पहुंचने पर मेयर अनीता अग्रवाल और ललित मोहन अग्रवाल द्वारा विनय रोहिला का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित जनप्रतिनिधि,नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp