प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी में सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से आमजन और वाहन चालकों को सड़क पर अनुशासन अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमें विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दे रही हैं। इसी क्रम में चौकी पाबो पुलिस द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें स्थानीय टैक्सी यूनियन,वाहन चालक,व्यापारी और क्षेत्र के निवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें निर्धारित गति सीमा का पालन करने,दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने,ओवरटेकिंग से बचने तथा वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा सभी से अपील की गई कि सड़क पर अनुशासन और जिम्मेदारी का पालन ही जीवन सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है। नियमों के प्रति जागरूकता और उनका पालन करने से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
