Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।नगर निगम श्रीनगर की नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण 24 जनवरी 2026 को गंगा दर्शन पार्क के समीप भव्य रूप से संपन्न हुआ। गौशाला का लोकार्पण उत्तराखंड सरकार के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा किया गया,जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने की। नगर निगम श्रीनगर द्वारा इस गौशाला का निर्माण दो चरणों में किया गया है। प्रथम चरण में 321.45 लाख रुपये तथा द्वितीय चरण में 134.48 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से कुल लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत में यह परियोजना पूर्ण की गई। नवनिर्मित गौशाला का उद्देश्य शहर में बढ़ते निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश को सुरक्षित आश्रय,समुचित देखभाल,उपचार एवं पोषण की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही यह पहल आवारा पशुओं की समस्या के समाधान और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी सहायक सिद्ध होगी।लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि गौशालाएं केवल पशु संरक्षण तक सीमित नहीं हैं,बल्कि ये समाज में संवेदनशीलता,सेवा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। ऐसी योजनाएं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का आधार बनती हैं। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि गंगा दर्शन पार्क के समीप निर्मित यह गौशाला श्रीनगर शहर के लिए एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है। लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस गौशाला से शहर के निराश्रित गौवंशों को सुरक्षित आश्रय और बेहतर देखभाल की सुविधा मिलेगी। नगर निगम का संकल्प है कि गौसंरक्षण के साथ-साथ शहर को स्वच्छ,सुरक्षित और संवेदनशील बनाया जाए। वर्तमान में गौशाला में 244 निराश्रित गौवंश रह रहे हैं,जबकि नवनिर्मित व्यवस्था से अब यहां लगभग 500 गौवंशों के रहने की क्षमता विकसित हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने इस परियोजना को श्रीनगर शहर के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए नगर निगम एवं राज्य सरकार की पहल की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित नगर आयुक्त नूपुर वर्मा,सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,अधिशासी अभियंता पवन कुमार कोठियाल,व्यापार सभा अध्यक्ष दिनेश असवाल,नगर निगम के पार्षदगण,निगम के अधिकारी कर्मचारी तथा शहर की मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp