Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।उत्तराखण्ड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण बाबा केदार की नगरी केदारनाथ पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर में ढक चुकी है। धाम में इस समय करीब 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है,जबकि तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया है। इन अत्यंत कठिन और चुनौतीपूर्ण हालातों के बावजूद भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान पूरी सतर्कता और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड और तेज बर्फीली हवाओं के बीच सुरक्षा बल मंदिर परिसर सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं,ताकि धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे। 26 जनवरी के अवसर पर भी जवानों ने भारी बर्फबारी के बीच तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण का परिचय दिया। मंदिर के कपाट बंद होने के बाद भी केदारनाथ धाम की सुरक्षा,मास्टर प्लान के तहत निर्मित सरकारी संपत्तियों की निगरानी और संरचनाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सुरक्षा बलों द्वारा लगातार निभाई जा रही है।मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट और हिमस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जवानों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बताया कि विषम भौगोलिक और मौसम परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों का मनोबल ऊंचा है।केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp