Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ,स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व एवं निर्देशन में पिछले 2 माह 12 दिन से निरंतर महा स्वच्छता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है,जिसका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिले में चल रहे इस महा स्वच्छता अभियान के तहत विभिन्न सरकारी विभागों,सार्वजनिक उपक्रमों,स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों द्वारा नियमित रूप से सफाई कार्य किए जा रहे हैं। बीएचईएल द्वारा भी अपने स्तर पर निरंतर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। बीएचईएल नगर प्रशासक संजय पवार ने बताया कि बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन विभाग की टीम द्वारा सीएफएफपी चौराहा,खोखा मार्केट के सामने तथा 132 केवी सब स्टेशन के आसपास व्यापक साफ-सफाई की गई। स्वयंसेवी संस्था नेचर फाउंडेशन द्वारा नगर निगम के सहयोग से रोड़ीबेलवाला क्षेत्र के अंतर्गत कांवड़ पटरी मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था की अध्यक्ष किरण भटनागर ने बताया कि अभियान के दौरान सड़क किनारे जमा कूड़ा-कचरा हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ किया गया। भारत स्काउट गाइड संस्था द्वारा भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के मनोज सिरोही ने जानकारी दी कि नाई सोता घाट क्षेत्र में सफाई कर कूड़े का समुचित निस्तारण किया गया।ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी खानपुर ने बताया कि ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर मथाना,गोरधनपुर एवं पहलादपुर क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 8 कुंटल कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया,जिसे उचित निस्तारण के लिए कम्पोस्ट सेंटर भेजा गया। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें और साफ-सुथरा हरिद्वार बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp