Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सैनिक सम्मेलन के समापन के बाद पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में दिसंबर 2025 में जनपद में घटित अपराधों एवं उनके अनावरण की समीक्षा को लेकर अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य अपराध नियंत्रण की स्थिति का आकलन करना और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना रहा। अपराध गोष्ठी में 7 दिसंबर 2025 से मुख्यालय स्तर पर चलाए जा रहे गंभीर अपराधों में गिरफ्तारी और कार्रवाई अभियान की समीक्षा की गई। इसके साथ ही कालनेमि अभियान में की गई कार्रवाई,ऑपरेशन स्माइल की प्रगति,गैर जमानतीय अपराधों में लंबित मामलों की थानावार स्थिति,विधि विज्ञान प्रयोगशाला में लंबित प्रदर्शों का विवरण,नारकोटिक्स से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। वर्ष 2025 में दर्ज हत्या के मामलों का वर्गीकरण,लंबित एसआर मामलों की स्थिति तथा एमएसीटी,आई-रैड और हिट एंड रन से संबंधित कार्यवाही के आंकड़ों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा मुख्यालय स्तर पर प्रचलित 46 बिंदुओं पर अपराध की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी फायर स्टेशन कार्यशील अग्निशमन उपकरणों के साथ हर समय तैयार रहें और किसी भी घटना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए वास्तविक कारणों की रिपोर्ट प्रेषित करें। थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि अपराध होने का इंतजार न करते हुए आपराधिक तत्वों पर पहले ही रोक लगाई जाए। लंबित विवेचनाओं पर विशेष ध्यान देने,रंजिश से जुड़े मामलों की व्यक्तिगत निगरानी करने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने से पहले ऐहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उग्रता और दबंगई दिखाने वाले अस्लाह धारकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट तैयार कर भेजने को कहा गया। किसी भी घटना की स्थिति में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कच्ची शराब की तस्करी को मानवीय क्षति का बड़ा कारण बताते हुए थाना प्रभारियों को इस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई करने और आबकारी विभाग से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बलवा से संबंधित मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने,फरियादियों की शिकायतों पर तुरंत जांच कर मुकदमे दर्ज करने और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही आगामी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमानुसार संचालन को सख्ती से लागू करने और अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग ऐसी होनी चाहिए जिससे अपराधियों में कानून का भय साफ दिखाई दे। अपराध गोष्ठी में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक जितेन्द्र मेहरा,एसपी सदर निशा यादव,एसपी ज्वालापुर जितेन्द्र चौधरी,एसपी संचार विपिन कुमार,एसपी सिटी अभय सिंह,एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और कोतवाली व थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp