Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति में आज प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट रुद्रप्रयाग परिसर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आज़ादी असंख्य वीर सपूतों के त्याग,तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र को स्वतंत्रता दिलाई,जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। जिलाधिकारी ने कहा कि शहीदों का जीवन हमें राष्ट्रप्रेम कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन और त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी,पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना से निर्वहन करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा,जिला सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित जिला कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp