Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।सिल्ला बामण ग्राम स्थित श्री साणेश्वर/सिल्लेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय महा पूजन में आज जिलाधिकारी प्रतीक जैन स्थानीय ग्रामीणों के आमंत्रण पर सम्मिलित हुए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मंदिर प्रांगण पहुंचकर भगवान श्री सिल्लेश्वर महादेव का पारंपरिक रूप से जलाभिषेक कर विधिविधान से पूजा-अर्चना की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।तत्पश्चात मंदिर समिति द्वारा जिलाधिकारी का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को मंदिर की पौराणिक,ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया गया। इस पर जिलाधिकारी ने क्षेत्र की आध्यात्मिक महत्ता को देखते हुए इस मंदिर क्षेत्र को शीतकालीन यात्रा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया,ताकि इस पौराणिक धरोहर को व्यापक स्तर पर पहचान मिल सके। जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि समिति द्वारा मंदिर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां उनसे साझा की गईं। उन्होंने मंदिर में हुए कार्यों की प्रशंसा करते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्र के शांत एवं सुखद वातावरण को साणेश्वर महादेव की असीम कृपा बताया तथा स्थानीय पौराणिक कथाओं को क्षेत्र का गौरव कहा। ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के इस महत्वपूर्ण एवं पौराणिक मंदिर को पर्यटन से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देना जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रीष्मकाल में जहां श्रद्धालुओं का ध्यान चारधाम यात्रा पर केंद्रित रहता है,वहीं शीतकालीन यात्रा के माध्यम से जनपद के अन्य पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों को भी विशेष पहचान मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि केदारघाटी में महादेव के अनेक पौराणिक मंदिर स्थित हैं,जिन्हें शीतकालीन यात्रा के माध्यम से प्रमुखता दी जा सकती है। जिलाधिकारी ने बताया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों हेतु विधायक निधि एवं जिला योजना से कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत इस क्षेत्र के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा भी उनको भगवान सिल्लेश्वर महादेव के दर्शन कर आवश्यक विकास कार्यों को करने के निर्देश दिए गए है,तथा मुख्यमंत्री द्वारा जिला प्रशासन को भी इस संपूर्ण क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया जाएगा कि वह इस मंदिर हेतु मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत 25 लाख रुपये की धनराशि से उच्च गुणवत्ता के कार्य कराए जाएं। इसके लिए मंदिर समिति के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय जनों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए आशीर्वाद प्रदान करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्देशित किया जाएगा,ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed