Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।पौड़ी जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को क्षेत्राधिकारी श्रीनगर के पर्यवेक्षण में श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा सेंट थेरेसास कॉन्वेंट स्कूल,श्रीनगर में “कानून की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं थाना थलीसैंण पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज,थलीसैंण में भी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को “कानून की पाठशाला” के अंतर्गत जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने,सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस द्वारा छात्रों को साइबर अपराध,धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही नशे से होने वाले शारीरिक,मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया गया। विद्यार्थियों को विशेष रूप से बताया गया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है,जो स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को छात्र-छात्राओं ने रुचि के साथ सुना और जागरूकता संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पुलिस ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp