Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल।नगर निगम हरिद्वार ने शहर में कुत्तों से संबंधित शिकायतों के त्वरित,संवेदनशील और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से स्ट्रीट डॉग मैनेजमेंट,एनिमल बर्थ कंट्रोल सहित कुत्तों से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। नगर निगम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 9568844151 पर प्राप्त शिकायतों पर नगर निगम की अनुबंधित संस्था ह्यूमेन सोसाइटी इंटरनेशनल द्वारा कार्रवाई की जाएगी। शिकायत दर्ज कराते समय शिकायत का प्रकार,पूरा पता और संपर्क विवरण देना अनिवार्य होगा,जिससे संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर शीघ्र समाधान कर सके। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित संस्था की टीम पहले कॉल के माध्यम से शिकायत की पुष्टि करेगी। इसके पश्चात फील्ड में जाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और बाद में शिकायतकर्ता को समाधान की स्थिति से अवगत कराया जाएगा। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नगर निगम हरिद्वार में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.गंभीर सिंह तलियान को नोडल अधिकारी तथा मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर श्रीकांत चौधरी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य कुत्तों से जुड़ी समस्याओं का समाधान पूरी तरह मानवीय,वैज्ञानिक और समयबद्ध तरीके से करना है। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम सहित सभी आवश्यक कार्यवाहियां सुनिश्चित की जाएंगी। आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर ही अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। नगर निगम प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शीघ्र ही नगर निगम एवं संबंधित संस्था के संयुक्त तत्वावधान में एक शिकायत प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि कुत्तों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें,जिससे शहर में सुव्यवस्थित,सुरक्षित और मानवीय डॉग मैनेजमेंट व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp