Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग आर.राजेश कुमार ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान आज प्रातःजिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार (पुनाड गदेरे) के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की भौतिक प्रगति,गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। प्रभारी सचिव ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश भी दिए,ताकि पार्किंग निर्माण शीघ्र पूर्ण होकर आमजन को इसका लाभ मिल सके। प्रभारी सचिव आर.राजेश कुमार ने कहा कि इस पार्किंग के निर्माण से न केवल स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी,बल्कि केदारनाथ धाम सहित चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों को भी सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। उल्लेखनीय है कि रुद्रप्रयाग मुख्यालय चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के कारण यहां प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में यात्री पहुंचते हैं। पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से मुख्य बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है,जिससे स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन की मांग पर शासन द्वारा मुख्य बाजार के निकट मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण हेतु शासन से ₹7 करोड़ 9 लाख 74 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है,जिसमें से ₹2.84 करोड़ की धनराशि जारी भी की जा चुकी है। इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग को सौंपी गई है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह,तहसीलदार रुद्रप्रयाग प्रणव पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed