Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर चमोली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि स्कूल वाहनों में लापरवाही,तेज रफ्तार और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद भर में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। चमोली पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर जन जागरूकता पर भी विशेष जोर दे रही है। बीते तीन महीनों में पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्र छात्राओं को यातायात नियमों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारियों,थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस ने जनपद के 220 से अधिक विद्यालयों में पहुंचकर सड़क और साइबर सुरक्षा से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। लगातार चल रहे अभियानों के बावजूद हाल ही में गोपेश्वर नगर में एक स्कूली बस से हुई दुर्घटना ने लापरवाही को उजागर किया। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन के खिलाफ कदम उठाए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे जनपद में स्कूल वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आज चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जनपद भर में 60 से अधिक स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बसों में सीसीटीवी कैमरे,स्पीड कंट्रोलर,आग से बचाव से जुड़े उपकरणों की स्थिति परखी गई। खिड़कियों में सुरक्षा के लिए लोहे की रॉड,बस के फर्श की स्थिति,मेडिकल किट और अग्निशमन उपकरण की उपलब्धता भी जांची गई। ड्राइवर के लिए पीछे का दृश्य स्पष्ट देखने हेतु दर्पण की अनिवार्यता पर जोर दिया गया। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में महिला अटेंडेंट की नियुक्ति और ड्राइवर व अटेंडेंट के चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया भी जांची गई। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ड्राइवरों के नेत्र परीक्षण से संबंधित रिकॉर्ड भी देखे गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिन स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई है,उनके स्कूल संचालकों को सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित समय में मानकों को पूरा न करने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और स्कूल वाहनों में जरूरी सुरक्षा इंतजामों की स्वयं जांच करें। यदि कहीं नियमों की अनदेखी दिखाई दे,तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें,ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp