Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बोर्ड परीक्षार्थियों को कठिन विषयों की सरल और प्रभावी तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मिशन ज्ञान गंगा की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन ने इस पहल को शिक्षा क्षेत्र में एक सकारात्मक और परिवर्तनकारी प्रयास बताया। बैठक में डिजिटल माध्यम से तैयार किए जा रहे विषय आधारित शैक्षिक वीडियो की पहुंच,उपयोगिता और प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मिशन ज्ञान गंगा विद्यार्थियों के लिए सुगम,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कठिन विषयों को सरल रूप में प्रस्तुत करना समय की आवश्यकता है।यह पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा रही है और परीक्षा की तैयारी को अधिक व्यवस्थित बना रही है। सामूहिक सहभागिता से यह अभियान और अधिक व्यापक रूप लेगा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि यह मिशन केवल परीक्षा केंद्रित प्रयास नहीं है,बल्कि अवधारणात्मक समझ विकसित करने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सऐप समूहों,फेसबुक पेज और अन्य डिजिटल माध्यमों के माध्यम से शैक्षिक वीडियो का प्रसार विद्यार्थियों तक ज्ञान की समान पहुंच सुनिश्चित कर रहा है। शिक्षकों और स्वयंसेवी टीम की प्रतिबद्धता शिक्षा को आधुनिक और प्रभावी बना रही है। डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद ने जानकारी दी कि मिशन के अंतर्गत गणित,विज्ञान,सामाजिक विज्ञान और भाषा जैसे विषयों के जटिल अध्यायों को स्थानीय संदर्भ,दृश्य श्रव्य प्रस्तुति और सरल व्याख्या के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कंटेंट विकसित किया जा रहा है और प्रारंभिक प्रतिक्रियाएं अत्यंत उत्साहजनक रही हैं।बैठक में मिशन से स्वयंसेवी रूप से जुड़े शिक्षकों और सहयोगी टीम के प्रयासों की सराहना की गई। समीक्षा में यह भी सामने आया कि डिजिटल कंटेंट के माध्यम से विद्यार्थियों में विषय की समझ और परीक्षा के प्रति आत्मविश्वास में स्पष्ट वृद्धि हुई है। जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शिक्षकों, शिक्षाविदों,विषय विशेषज्ञों और यूट्यूबर कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे कक्षा आधारित उपयोगी शैक्षिक वीडियो तैयार कर डायट रुड़की को उपलब्ध कराएं,ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक यह सामग्री पहुंचाई जा सके। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से मिशन ज्ञान गंगा शिक्षा को अधिक समावेशी,रोचक और परिणामकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp