Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद के बेरोजगार युवाओं किसानों एवं कमजोर वर्ग के लोगों को स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्राथमिकता से उपलब्ध कराए जाने के निर्देश जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दिए। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा समिति और जिला सलाहकार समिति की बैठक में उन्होंने बैंक प्रबंधकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा प्रेषित ऋण आवेदन पत्रों पर अनावश्यक आपत्ति न लगाई जाए तथा पात्र आवेदकों को समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत किया जाए। बैठक की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई बैंक शाखा प्रबंधक और प्रतिनिधि अनुपस्थित रहे। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने लीड बैंक अधिकारी को संबंधित बैंक प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है,इसलिए लंबित ऋण आवेदन पत्रों का आपसी समन्वय से शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। ऋण जमा अनुपात सीडी रेशो की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 40 प्रतिशत से कम सीडी रेशो वाली बैंक शाखाओं को कृषि पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में अधिक से अधिक ऋण वितरित कर अनुपात बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक अपने लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दें। पीएमएफएमई योजना की समीक्षा के दौरान उद्यान विभाग द्वारा लक्ष्य पूर्ण न करने और बैठक में अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिला उद्यान अधिकारी का माह फरवरी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों को देखते हुए ग्राहकों को जागरूक किया जाए। इसके लिए एसएमएस पोस्टर बैनर और अन्य माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक दिनेश गुप्ता ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक जनपद में कुल 29 लाख 15 हजार 817 बचत खाते खोले जा चुके हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 8 लाख 60 हजार 856 व्यक्तियों का बीमा किया गया है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 28 हजार 215 व्यक्तियों तथा अटल पेंशन योजना के तहत 1 लाख 95 हजार 734 व्यक्तियों को जोड़ा जा चुका है। बैठक में डीडीएम नाबार्ड अखिलेश डबराल,निदेशक आरसीटी शिव कुमार,महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी,जिला कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी,जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल,सहायक निदेशक मत्स्य विभाग गरिमा मिश्रा,आरएफसी अभिषेक कुमार सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp