Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत असनखेत में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। शिविर में समस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया जिससे क्षेत्रवासियों में सकारात्मक वातावरण रहा। शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से अधिकांश का निस्तारण तत्काल मौके पर ही कर दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा 314 लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 521 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं रखीं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने शिविर में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है क्योंकि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने कहा कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से सतत संवाद बनाए रखें और शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतें। शिविर में स्वास्थ्य कृषि उद्यान आयुर्वेदिक एवं यूनानी पशुपालन राजस्व वन विभाग सहित कुल 23 विभागीय स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र नेगी अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह खंड विकास अधिकारी रवि सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp