Spread the love

श्री श्याम पोर्टल-प्रदीप कुमार 

श्रीनगर गढ़वाल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रीनगर स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर से भव्य शिव बारात झांकी का आयोजन धूमधाम के साथ किया गया जिसमें नगर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुसज्जित शिव-पार्वती की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शिव-पार्वती की जयमाला ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों के उल्लास के बीच शिव बारात नगर के मुख्य मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। मंदिर के महंत नितिन पुरी ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव की चार प्रहर की विशेष आरती आयोजित की जा रही है जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 16 फरवरी को मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ हवन तथा इसके उपरांत महाप्रसाद भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की महापौर आरती भंडारी ने मंदिर पहुंचकर भगवान नागेश्वर महादेव के दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान का आशीर्वाद सभी भक्तों पर सदैव बना रहे और क्षेत्र निरंतर प्रगति करता रहे। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति सेवा दल के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनूप बहुगुणा वीरेंद्र रतूड़ी सुभाष पांडेय काली चरण रावत दिनेश असवाल दिनेश उनियाल हिमांशु बहुगुणा दीपक उनियाल लखपत भंडारी गणेश भट्ट वासुदेव कंडारी जितेंद्र रावत और रविंद्र चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे। देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्ति संगीत और आरती का क्रम जारी रहा जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शहरवासियों ने इस आयोजन को श्रीनगर की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp