Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल/देहरादून। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ सीडीएस अनिल चौहान 21 फरवरी को श्रीनगर गढ़वाल प्रवास पर रहेंगे। इस अवसर पर वे विकसित भारत में छात्र-छात्राओं एवं युवा वर्ग का योगदान विषय पर युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक धन सिंह रावत स्वयं उपस्थित रहेंगे। उनके आमंत्रण पर ही सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने मेडिकल छात्र-छात्राओं से संवाद का प्रस्ताव सहर्ष स्वीकार किया है।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीडीएस जनरल अनिल चौहान का संवाद हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित होना था। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत वे विश्वविद्यालय में निर्धारित कार्यक्रम में भाग लेने के साथ-साथ वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान शोध संस्थान के मेडिकल छात्र-छात्राओं से भी विशेष संवाद करेंगे। यह निर्णय क्षेत्र के युवाओं विशेषकर चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक अवसर के रूप में देखा जा रहा है। राष्ट्र निर्माण पर होगा सार्थक विमर्श सीडीएस जनरल चौहान अपने सैन्य जीवन के अनुभव नेतृत्व अनुशासन समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि अपने ही जनपद में भविष्य के डॉक्टरों और युवाओं से संवाद करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। एमबीबीएस छात्र डॉ.राहुल सिंह और डॉ.पारुल जोशी ने बताया कि वे इस कार्यक्रम को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं। वहीं संस्थान के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने जानकारी दी कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं और छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह का वातावरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp