Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को एनआईसी कक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कड़े निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनमानस को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम हों। उन्होंने सहायक परिवहन अधिकारी और पुलिस विभाग को ओवरलोडिंग तथा तेज रफ्तार पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तेज रफ्तार शराब पीकर वाहन चलाना बिना हेलमेट वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर आपसी समन्वय के साथ सख्त और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।सड़क से जुड़े विभागों को निर्देशित किया गया कि उनके अधीन आने वाली सड़कों पर जहां भी मलबा पड़ा है उसे तत्काल हटाया जाए। जिन स्लाइडिंग जोनों में मलबा जमा है या क्षतिग्रस्त दीवारों का कार्य शुरू नहीं हुआ है वहां शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाए ताकि दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पूर्व में दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, वहां भविष्य में दुर्घटना रोकने के लिए विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद में हुई प्रत्येक सड़क दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट उल्लेख करें तथा घायल और मृतकों को दिए गए मुआवजे का विवरण भी उपलब्ध कराएं।उन्होंने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां सुधारात्मक कार्यों का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव के लिए सभी सीएचसी और पीएचसी में आवश्यक उपकरण और व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता पुलिस विभाग तहसीलदार लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता परिवहन विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी तथा संबंधित उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp