Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर उनके 32 वर्षों की निष्कलंक एवं समर्पित प्रशासनिक सेवा को नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने उन्हें शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि श्री नेगी सौम्य एवं सरल स्वभाव के व्यक्तित्व के धनी हैं।उन्होंने अपने 32 वर्षों की प्रशासनिक सेवा को पूरी निष्ठा ईमानदारी और कुशलता के साथ निभाया। उन्होंने कहा कि श्री नेगी ने अपने दायित्वों का निर्वहन अत्यंत जिम्मेदारी के साथ किया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने। जिलाधिकारी ने उनके सेवानिवृत्ति उपरांत जीवन के लिए मां गंगा से सुख शांति और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने भी श्री नेगी को सेवानिवृत्ति की बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक दायित्वों का निर्विघ्न और दक्षता के साथ निर्वहन किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल और सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर.चौहान रावत सचिव एचआरडीए मनीष कुमार नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आशीष वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री नेगी के कार्यों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन द्वारा किया गया। समारोह में मुख्य कोषाधिकारी अजय कुमार उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी जिला खनन अधिकारी काजिम रजा मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित जिला कार्यालय के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।‌ समारोह का वातावरण भावुक और सम्मानपूर्ण रहा जहां सभी ने श्री नेगी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें स्नेहिल विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp