Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल जनपद की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला चिकित्सालय बौराड़ी में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया।अभियान का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी टिहरी वरुणा अग्रवाल द्वारा किया गया।स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण प्रारंभ कर दिया गया है।
टीकाकरण के लिए निर्धारित पात्रता
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस चरण में केवल वही बालिकाएं एचपीवी वैक्सीन के लिए पात्र होंगी
जिनकी आयु पूर्ण 14 वर्ष हो चुकी है। तथा जिनकी आयु 15 वर्ष पूर्ण हुए 90 दिन से अधिक न हुई हो।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय ने बताया कि वैज्ञानिक दृष्टि से यह आयु वर्ग इस वैक्सीन के लिए सर्वाधिक उपयुक्त माना गया है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय बौराड़ी सहित जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में आगामी 90 दिनों तक यह विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।विशेषज्ञों के अनुसार 14 वर्ष की आयु में दी गई एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर की संभावना को लगभग 95 प्रतिशत तक कम करने में सहायक सिद्ध होती है। टीकाकरण के लिए अभिभावकों को बालिका का आयु प्रमाण पत्र आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा ताकि पात्रता की पुष्टि की जा सके।
निशुल्क उपलब्ध होगी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह टीका जनपद के जिला चिकित्सालय और सभी ब्लॉक मुख्यालयों में निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय ने जनपद के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को इस जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.बृजेश डोभाल मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अमित राय सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सी.पी.भट्ट वीसीसीएम गिरीश डबराल एचवी सुधा पांडेय एएनएम संगीता चौहान सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp