Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम कार्यालय में आयोजित एक अहम बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों नर्सरी रोड बहुगुणा मार्ग तिवाड़ी मोहल्ला और पौड़ी रोड पर सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों की समस्या पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मार्गों पर खड़े वाहनों को हटाकर निगम द्वारा निर्मित पार्किंग स्थलों में ही खड़ा कराया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई वाहन इन सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार चलानी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में महापौर आरती भंडारी नगर आयुक्त नूपुर वर्मा तहसीलदार दीपक भंडारी अपर उपनिरीक्षक यातायात अनिल रावत सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार तथा पार्षद पंकज सती प्रवेश चमोली और राजकुमार उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि श्रीनगर शहर को सुव्यवस्थित और जाममुक्त बनाना निगम की प्राथमिकता है। सड़क किनारे खड़े वाहन न केवल यातायात को बाधित करते हैं बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है इसलिए सभी नागरिकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करना चाहिए। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करते हुए अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम ने शहर को सुंदर सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जनसहयोग की अपेक्षा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp