Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड कोट की न्याय पंचायत कुंडी के अंतर्गत पंचायत भवन पाली में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को प्रदान किया गया। शिविर में कुल 69 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के लिए प्रेषित किया गया। इसके अलावा 158 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी वितरित किया गया। शिविर की अध्यक्षता डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने की। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को कई शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।डीएफओ ने कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान इसी उद्देश्य से चलाया जा रहा है ताकि प्रशासन सीधे गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुने और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें मौके पर हल नहीं हो पाई हैं उन्हें संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए और इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार जागरुकता भी बढ़ाएं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी सहायक अभियंता लघु सिंचाई अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp