Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि की नमामि गंगे समिति द्वारा 16 मार्च से 31 मार्च तक आयोजित किए जा रहे गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवियों ने व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.के.सी.दुत्तपुरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत सौड़ी गांव स्थित मंदाकिनी नदी के तट पर साफ-सफाई कर नदी और उसके आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयंसेवियों को नमामि गंगे की टी-शर्ट और टोपी वितरित कर किया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवियों ने चंद्रशेखर मंदिर परिसर सहित मंदाकिनी नदी के तट पर फैले कूड़ा-कचरे को एकत्र कर सफाई की। पूरे कार्यक्रम में स्वयंसेवियों ने उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भाग लेते हुए न केवल सफाई कार्य किया बल्कि स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर नमामि गंगे समिति के सदस्यों एवं प्राध्यापकों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नदियां हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर हैं इसलिए उनका संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि नदियों में कूड़ा-कचरा न डालें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से भी हम अपनी नदियों को स्वच्छ और सुरक्षित बना सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवियों द्वारा एकत्रित कूड़े-कचरे का प्राध्यापकों के निर्देशन में उचित निस्तारण किया गया। साथ ही स्वयंसेवियों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों और स्वच्छता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नमामि गंगे समिति की संयोजक डॉ.ममता भट्ट सदस्य डॉ.मनीष सती राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ.विष्णु कुमार शर्मा सह प्रभारी डॉ.तनुजा मौर्य तथा कर्मचारी शर्मिला और दीपक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp