प्रदीप कुमार
पाबौ-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक पाबौ में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को तंबाकू के सेवन से होने वाले शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान का उद्देश्य युवा वर्ग को तंबाकू और नशे की लत से दूर रखने के साथ ही नशा मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि तंबाकू के सेवन से कैंसर हृदय रोग सांस संबंधी बीमारियों तथा मुंह और दांतों से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ता है। तंबाकू का सेवन केवल सेवन करने वाले व्यक्ति को ही नहीं बल्कि आसपास मौजूद लोगों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गलत आदतों नशे और तंबाकू के प्रयोग को लेकर साथियों के दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दोस्तों परिवार और आसपास के लोगों को भी तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को कोटपा अधिनियम 2003 की जानकारी देने के साथ ही तंबाकू मुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य शालिग्राम प्रभारी चिकित्साधिकारी पाबौ डॉ. पंकज सिंह सपना पंवार और अरुणा उनियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
