Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को विकास भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर तैनात ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रियंका शुक्ला ने की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की सचिव सिमरनजीत कौर मौजूद रहीं। बैठक में युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रियंका शुक्ला ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशे से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का उद्देश्य युवाओं को इस संकल्प से जोड़ना है ताकि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य की नींव होते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा प्रतिभा और क्षमता का उपयोग शिक्षा खेल कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ ही परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। इसलिए युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ अपने मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना चाहिए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक परिवेश को भी प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर आयुष राहुल कुमार आदित्य चौहान रोशन और मनोज चौहान ने भी युवाओं को नशे से दूर रखने नशे के दुष्प्रभावों तथा युवा पीढ़ी को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के संबंध में अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को खेल शिक्षा रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से जोड़कर नशे के विरुद्ध मजबूत जनजागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है। बैठक के दौरान अभियान के अंतर्गत उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थ का किसी भी रूप में या किसी भी उद्देश्य से सेवन नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। शपथ में अपने परिवार मित्रों रिश्तेदारों पड़ोसियों एवं संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने स्वस्थ जागरूक एवं सशक्त युवा शक्ति के निर्माण के लिए समर्पित रहने तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक नशा मुक्त जीवन का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान राहुल डबराल अविनाश सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा-युवतियां एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *