प्रदीप कुमार
झबरेड़ा-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर वार्षिक निरीक्षण के लिए थाना झबरेड़ा पहुंचे। उनके आगमन पर पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया तथा सेरिमोनियल गार्ड ने आकर्षक सलामी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रांगण कार्यालय कर्मचारी बैरक और भोजनालय का निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया। थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए कि गर्मियों को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए कीटनाशकों का छिड़काव कराया जाए और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। कार्यालय स्टाफ से बातचीत करते हुए विभिन्न दस्तावेज रजिस्टर और सीसीटीएनएस प्रणाली की जांच की गई। सभी रजिस्टरों को समय-समय पर अद्यतन रखने निस्तारित प्रार्थना पत्रों को संबंधित कार्यालयों को समय से भेजने तथा आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रांगण में मौजूद अस्लाह का निरीक्षण करते हुए जवानों से हथियारों को खोलने और जोड़ने का अभ्यास कराया गया। हेड मोहर्रिर को निर्देश दिए गए कि अस्लाह की नियमित सफाई और प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए। मालखाना निरीक्षण के दौरान मुकदमाती माल को वर्षवार और क्रमवार व्यवस्थित रखने आबकारी से जुड़े माल के निस्तारण निर्णित मुकदमों के माल के निस्तारण तथा लावारिस वाहनों की नीलामी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में थाना प्रभारी को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। निरीक्षण के बाद नवनिर्मित आदर्श भोजनालय का उद्घाटन कर उसे थाना कर्मचारियों को समर्पित किया गया। इसके पश्चात सैनिक सम्मेलन आयोजित कर जवानों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के निर्देश दिए गए।विवेचकों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर निर्धारित समयावधि में निस्तारण करें तथा थाना प्रभारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें।
