Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में हालिया भारी बर्फबारी के बाद पूरी केदार घाटी सफेद चांदी जैसी बर्फ की चादर से ढक गई है। वर्तमान में धाम का दृश्य अत्यंत दिव्य और विहंगम नजर आ रहा है। इस कठिन मौसम और शून्य से नीचे गिरते तापमान के बावजूद धाम की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी गई है। उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवान विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। बर्फबारी के बीच भी सुरक्षा एजेंसियां सुरक्षा घेरे को मजबूत बनाए रखते हुए लगातार गश्त कर रही हैं जिससे धाम की सुरक्षा और मर्यादा सुनिश्चित की जा सके। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और हाड़ कंपाने वाली ठंड की परवाह किए बिना जवान निरंतर सक्रिय हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस बल के जवान आत्मनिर्भरता और अनुशासन का परिचय देते हुए अपने रहने के स्थानों और बैरकों के आसपास जमी भारी बर्फ को स्वयं ही साफ कर रहे हैं ताकि कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की बाधा न आए। केदारनाथ धाम में तैनात यह संयुक्त सुरक्षा बल न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है बल्कि मौसम के कारण उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी हर समय तैयार है। भारी बर्फबारी के इस दौर में भी सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp