प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा सेवा और सांस्कृतिक आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। साधुराम इंटर कॉलेज परिसर में 23 मार्च को भव्य सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान लगभग 1872 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। यह आयोजन 11000 कन्याओं के पूजन के निर्धारित लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सफल चरण साबित हुआ। कार्यक्रम का संचालन बबीता गुप्ता एवं रजनी देवी के नेतृत्व में किया गया जबकि अध्यक्षता सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल महानगर अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यकर्ता एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि कन्या पूजन सनातन संस्कृति एवं नारी सम्मान की परंपरा का प्रतीक है। बेटियाँ समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं और उनका सम्मान तथा सशक्तिकरण हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी कन्याओं को प्रसाद एवं उपहार वितरित किए गए तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसी क्रम में भाजपा कैंट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 43 द्रोणपुरी एवं वार्ड 41 इन्द्रापुरम सरदार पटेल मंडल क्षेत्र में भी सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों पदाधिकारी जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा हजार से अधिक कंचकों का पूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खजान दास सविता कपूर और राकेश गिरि उपस्थित रहे। चौथे नवरात्र पर मां कूष्मांडा के स्वरूप में पधारी कन्याओं का चरण प्रक्षालन चंदन-रोली तिलक मौली बांधकर चुनरी ओढ़ाकर प्रसाद भोग एवं दक्षिणा अर्पित कर श्रद्धालुओं ने पूजन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। महानगर एवं मंडल पदाधिकारियों वार्ड पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे नवरात्र में 11000 कंचकों के पूजन का लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने का संकल्प दोहराया गया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सुख समृद्धि और कल्याण की कामना की। यह आयोजन नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व को साकार करते हुए समाज में सेवा सम्मान और श्रद्धा की भावना को मजबूत करने वाला साबित हुआ।
