Spread the love

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरटीओ विभाग और पुलिस विभाग ने मिलकर किया आयोजन

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में आरटीओ विभाग एवं पुलिस विभाग के सहयोग से जनपद रुद्रप्रयाग में दो दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों,खासकर युवाओं को सड़क सुरक्षा के नियमों और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था।इस अभियान के तहत प्रथम दिवस जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में तथा दूसरे दिन अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें सचिव,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग,रवि रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन और अतिथियों के बैज अलंकरण के साथ की गई।इसके बाद संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया,जिससे कार्यक्रम का माहौल सकारात्मक और प्रेरणादायक बन गयाकार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने एक सामाजिक नाटक का मंचन किया,जिसमें सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके दुष्परिणामों को सजीव रूप से प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ट्रैफिक नियमों का पालन न केवल कानून का हिस्सा है,बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है।मुख्य अतिथि रवि रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं,जिनसे हजारों लोग प्रतिवर्ष अपनी जान गंवाते हैं। उन्होंने कहा कि इन दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह लापरवाही,नियमों की अनदेखी और जागरूकता की कमी है। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं व नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता इसमें आवश्यक है।कार्यक्रम में एआरटीओ रुद्रप्रयाग,कुलवंत सिंह चौहान ने भी विचार साझा करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना,सीट बेल्ट न लगाना,नशे की हालत में ड्राइविंग करना और दोपहिया वाहनों पर हेलमेट न पहनना ऐसे कारण हैं जो अक्सर जानलेवा साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग समय-समय पर इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेंगे।पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा भी लगातार स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में जाकर सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके हम न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की भी जान बचा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे अपने परिवेश में बदलाव की पहल करें और अपने परिवार व मित्रों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।एआरटीओ (प्रवर्तन) धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा एवं आपातकालीन स्थिति में बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।उन्होंने सभी विद्यार्थियों से सड़क पर चलते समय नियम-कानूनों का पालन करने की भी बात कही।इस अवसर पर अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए एक चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया,जिसमें सड़क सुरक्षा थीम पर सबसे अच्छी चित्रकारी करने वाले 5 विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp